मां के साथ कुएं में समाए दो मासूम! 5 साल की बेटी ने सुनाई आपबीती, सुनकर रो पड़ेंगे आप | SAGAR TV NEWS
एक कुएं में डूबकर मां और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पांच साल की बेटी आरुषि जिंदगी की जंग जीतकर बाहर आ गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस मां की गोद बच्चों के लिए सबसे सुरक्षित जगह मानी जाती है, उसी मां पर अपने तीनों बच्चों को कुएं में धकेलने का आरोप है। आखिर उस सुबह ऐसा क्या हुआ कि एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं, यह सवाल अब भी अनसुलझा है।
घटना मंगलवार सुबह दमोह जिले के जमुनिया गांव की है। सुबह प्रभात फेरी के लिए निकले ग्रामीणों ने कुएं से एक बच्ची के चीखने की आवाज सुनी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो कुएं में चार लोग डूबे हुए थे। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने 28 वर्षीय मंजू, उसकी चार साल की बेटी अन्नू और तीन साल के बेटे अनुज को मृत घोषित कर दिया। पांच साल की आरुषि की जान बच गई।
आरुषि ने बताया कि उसकी मां ने पहले तीनों बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी कूद गई। एक मासूम बच्ची की जुबानी सामने आई यह घटना हर किसी को भीतर तक झकझोर देने वाली है।
मंजू के पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह गौंड मजदूरी करते हैं। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं था और उन्हें पत्नी के इस कदम की वजह समझ नहीं आ रही। वहीं, मंजू की मां उमा रानी ने आरोप लगाया कि नेतराम शराब पीकर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी और नाती-नातिन की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने उन्हें सूचना नहीं दी। उन्हें दूसरे गांव के एक व्यक्ति से घटना का पता चला।