Sagar - तीन बत्ती पर उमड़ा आस्था का ऐसा सैलाब, आधा घंटे के अंतर से एक साथ पहुँची पुरव्याऊ काली और भैया जी वैद्य काली
सागर शहर की हृदय स्थली तीन बत्ती पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा परिसर मातारानी के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों के कंधों पर सवार होकर जैसे ही चल समारोह में मातारानी तीन बत्ती पहुंचीं, श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। मां के दर्शन के लिए उमड़े हजारों भक्तों ने जयकारों के साथ माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सड़क के दोनों ओर श्रद्धालु हाथों में पुष्प लिए मां के स्वागत में खड़े थे। हर तरफ श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का नजारा नजर आया। मातारानी के साथ चल रहे हजारों श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। आस्था के इस जनसैलाब के बीच हर चेहरा भक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। शहर के प्रमुख चौराहे पर उमड़ी भीड़ ने धार्मिक परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था को भी प्रदर्शित किया। मातारानी के आगमन के साथ ही तीन बत्ती का पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। आस्था, परंपरा और सामूहिक श्रद्धा का यह दृश्य शहर की धार्मिक संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश कर रहा था।
इसी तरह दशहरा पर्व पर मोहननगर वार्ड से मंगलवार शाम 4:30 बजे काली जी भैया जी वैद्य का चल समारोह शुरू हुआ। माता रानी के स्वागत में 1500 से ज्यादा घरों के बाहर रंगोली सजाई गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मां का स्वागत किया और विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया। भगवा रंग में रंगे भक्त जोर से बोलो, भैया जय... मैया जय... के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
चल समारोह में माता रानी के आगे मां ज्वाला माई और उनके साथ सेवा मंडल चल रहा था। सेवा मंडल के अर्पित बारोलिया ने बताया कि मछरयाई शीतला माता मंदिर, बड़ा बाजार सरस्वती मंदिर, सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर, बिहारी जी सरकार, सत्यनारायण घाटी स्थित द्वारकाधीश मंदिर, महाकाली मंदिर और मोतीनगर सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वागत किया गया। करीब 11 स्थानों पर भक्तों ने माता रानी की पालकी की परिक्रमा की। रात करीब डेढ़ बजे चकराघाट पर माता की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
दुर्गा चल समारोह का शहर में उत्साह के साथ स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर 15 से अधिक पंडाल लगाकर श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं और चल समारोह में शामिल लोगों का स्वागत किया। इस दौरान अखाड़ों के उस्तादों का सम्मान भी किया गया। श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।