Sagar- पत्नी के ऊपर से निकला ट्रक का पहिया, चार बेटियों के सिर से छिना माँ का साया, पति-बच्ची घायल
सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र से फिर एक बार दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां ट्रक की टक्कर से महिला की दर्दनाक जान चली गयी। उसके शरीर के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजरा गया जिससे उसे बचने का ज़रा भी मौक़ा नहीं मिला। जबकि पति और दो साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। जिनका इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला जिसे शाहगढ़ और छानबीला थाना पुलिस ने पीछा कर पकड़ा। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
ये पूरी घटना छानबीला थाना क्षेत्र के सासन गांव के पास से सामने आई है। बताया जा रहा है की एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक जान चली गई। जबकि महिला का पति और दो साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक छतरपुर जिले के सेवार गुलाई निवासी राममिलन अहिरवार अपनी पत्नी सीता अहिरवार और दो साल की बेटी को बाइक पर बैठाकर इलाज के लिए सागर जा रहे थे। तभी सासन गांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जो इतनी जबरदस्त थी की बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। इस दौरान ट्रक का पहिया सीता अहिरवार के ऊपर से निकल गया। जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन स्टाफ देवेंद्र यादव ओर पायलट हरिराम आठिया ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक अस्पताल शाहगढ़ पहुंचाया।जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला लेकिन शाहगढ़ और छानबीला थाना पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया।
मृतक महिला के पति राममिलन के मुताबिक उसकी चार बेटियां हैं। परिवार को चलाने वाला कोई नहीं है। इस हादसे ने उनकी खुशियां छीन ली। फ़िलहाल छानबीला थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं