Sagar- बाण लगते ही धू-धू कर जल उठा रावण, ऐतिहासिक मेले में उमड़ा जन सैलाब, झांकियां रही आकर्षण का केंद्र
सागर जिले में उत्साह और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। शारदीय नवरात्रि के बाद दशहरा के मौके पर रावण का दहन किया गया। कार्यक्रम में सैंकड़ों की तादाद में लोग पहुंचे। वहीं इसके अलावा जब दुर्गा प्रतिमाओं का चल समारोह निकाला गया तो अखाड़ों का रोमांचक प्रदर्शन भी देखने को मिला। ये तस्वीरें रहली क्षेत्र की हैं। जहां नगर का 44 वा विराट दशहरा मेला आस्था और परंपरा का अनूठा महाकुंभ बन गया। इस दौरान भारी जन सैलाब भी देखने को मिला।
सागर की रहली नगरी में आयोजित इस ऐतिहासिक मेले ने इस बार भी भक्तों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखा। रहली के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित इस मेले में चारों ओर गूंजते माता के जयकारे और भक्तों का अपार सैलाब आकर्षण का केंद्र रहा।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव, विशिष्ट अतिथि दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी और देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, अभिषेक भार्गव ने शिरकत की। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नपा अध्यक्ष देवराज सोनी ने की। इस मौके पर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अपने शानदार पारंपरिक करतबों से दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं इसके अलावा रामदल द्वारा रावण दहन के दौरान की गई आतिशबाजी और नारों से पूरा मेला परिसर गूंज उठा।