किरायेदार और मकान मालिक के घर 25 लाख की चोरी, दोनों को एक दूसरे पर संदेह, संदिग्ध बना मामला
चोरों के आतंक से लोग दहशत में हैं। इसी तरह सामने आये एक मामले में चोरों ने न सिर्फ किरायेदार को निशाना बनाया। बल्कि मकान मालिक के घर पर भी धाबा बोला। एक ही मकान से 25 लाख से ज्यादा के गहने और नगदी चोरी किये गए। वहीं हैरानी की बात ये है की किरायेदार और मकान मालिक एक दूसरे पर संदेह जता रहे हैं। जिससे मामला उलझ गया। घटना मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रताप कॉलोनी स्थित बम्मा रोड से सामने आई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
बताया गया की प्रताप कॉलोनी में दीपक राजपूत के मकान की पहली मंजिल पर उनका परिवार रहता है। जबकि दूसरी मंजिल पर चचिहा गांव निवासी वीकेश शर्मा किराए से रहते हैं। बीते दिन वीकेश अपनी नौकरी पर गए थे। जबकि उनकी पत्नी रेनू अपने मायके बड़ोखर गई हुई थीं। बुधवार सुबह घर में चोरी होने की सूचना मिली। चोर छत के रास्ते मकान में घुसे और कमरों में रखा सामान बिखेर दिया। रेणु की माने तो उन्होंने चोरी के डर से अपने सोने-चांदी के गहने रसोई में दाल-चावल के डब्बों में छिपाकर रखे थे। चोरों ने रसोई के डब्बे तक खंगाल डाले। चोर सीतारानी हार, दो जोड़ी झुमकी, बेटी की दो जोड़ी बालियां, एक जोड़ी बड़ी बालियां, मंगलसूत्र, चांदी की दो जोड़ी पायजेब और 25 हजार रुपये नकद ले गए। करीब 15 तोला सोना है उन्होंने 20 लाख रुपये की चोरी की बात कही।
जबकि मकान मालिक दीपक राजपूत का कहना है की वह अपने बेटे प्रशांत के साथ कमरे में सो रहे थे। रात में उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया गया था। उनकी पत्नी रजनी भी रिश्तेदार के यहां गई थीं। बताया गया की रसोई में डब्बे के अंदर रखी कान की झुमकी, दो अंगूठियां, दो चेन और 12 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। हैरानी की बात ये है की किरायेदार और मकान मालिक दोनों ही एक दूसरे पर संदेह जता रहे हैं। मकान मालकिन की माने तो यहां लोगों का आना-जाना रहता है। तो किराएदार का संदेह है कि घर में रहने वाले लोगों को उसके गहनों और नकदी के बारे में जानकारी थी। उन्हें ये भी पता था की कमरे की चाबी वाशिंग मशीन में रखी है। इस चोरी को घटनाक्रम दिखाने की कोशिश की गयी। फिलहाल पुलिस भी मामले को संदिग्ध मान रही है। अभी तक किसी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। खबर पढ़े जाने तक एफआईआर भी दर्ज नहीं की गयी थी।
गौरतलब है की ये कोई पहली घटना नहीं है बल्कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स की दुकान में डेढ़ महीने में दो बार चोरी हो चुकी है। दुकान से कीमती ऑटो पार्ट्स और नगदी चुराई गई। दुकानदार का दावा है कि उसके पास सीसीटीवी फुटेज भी हैं जिनमें संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। आरोप है की शिकायत के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी तरह एक अन्य पीड़ित ने भी आरोप लगाए हैं।
इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान का कहना है की चोरी के मामलों में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाती है। कुछ मामले जांच में बनावटी भी निकलते हैं। ये घटना संदिग्ध लग रही है जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।-