कलेक्ट्रेट में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर दो अधिकारियों को नोटिस! | SAGAR TV NEWS |
कलेक्ट्रेट में उस वक्त हलचल मच गई, जब कलेक्टर कुमार सत्यम अचानक विभिन्न सरकारी शाखाओं का निरीक्षण करने पहुंच गए। कहीं साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में कमी मिली, तो कहीं नकल शाखा में फोटोकॉपी मशीन तक उपलब्ध नहीं थी। निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया और नाजिर शाखा के प्रभारी सहित नकल शाखा के संबंधित प्रभारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, एमपी के हरदा में गुरुवार को कलेक्टर कुमार सत्यम ने हरदा कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, सरकारी अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दायरे में जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र, अपर कलेक्टर कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, भू-अभिलेख, आदिम जाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, नागरिक आपूर्ति, आबकारी, निर्वाचन शाखा, जिला कोषालय और रिकॉर्ड रूम सहित कई कार्यालय शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाजिर शाखा के प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, नकल शाखा में फोटोकॉपी मशीन उपलब्ध नहीं होने और अभिलेखों की फोटोकॉपी बाहर की दुकानों से कराए जाने की जानकारी सामने आई। इस पर संबंधित प्रभारी अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने के निर्देश दिए। साथ ही उप पंजीयक कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप से दर्ज कराने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया है कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर व्यवस्थाएं अनिवार्य हैं। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है।