अवैध खाद भंडारण पर छापा, 320 बोरी खाद जब्त; बलराम राजपूत पर FIR दर्ज | SAGAR TV NEWS |
अवैध खाद भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एमपी के टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ के कैलपुरा गांव में संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक मकान से उर्वरक की 320 बोरियां जब्त की हैं। मामले में बल्देवगढ़ पुलिस थाने में बलराम राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जब्त खाद के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अब जांच रिपोर्ट से पता चलेगा कि जब्त उर्वरक की गुणवत्ता और वैधता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।
दरअसल, प्रशासन को सूचना मिली थी कि टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के कैलपुरा गांव में अवैध रूप से खाद का भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बुधवार शाम एसडीएम निशांत भूरिया, तहसीलदार प्राची जैन, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी महक खत्री और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने संबंधित मकान की जांच की, जहां उर्वरक की 320 बोरियां मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान खाद के नमूने भी लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
इस मामले में प्रशासन ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बल्देवगढ़ पुलिस थाने में बलराम राजपूत निवासी कैलपुरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खाद भंडारण और कारोबार करने वालों के बीच हलचल मच गई है। कृषि विभाग के उप संचालक मनोज कश्यप के मुताबिक, कैलपुरा गांव में अवैध खाद कारोबार की सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी।
इस दौरान 320 बोरी खाद जब्त की गई और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया। फिलहाल जब्त खाद के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसानों के लिए खाद की उपलब्धता और उसकी गुणवत्ता महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध भंडारण पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।