शीतला माता मंदिर हादसे पर जीतू पटवारी के तीखे सवाल, बोले-मंदिर में ट्रक पहुंचा कैसे ? |SAGAR TV NEWS
एमपी के ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हादसे की सुरक्षा व्यवस्था और घायलों के इलाज को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त करने के बाद पटवारी भोपाल एम्स पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
भोपाल स्थित एम्स अस्पताल में घायलों से मिलने पहुंचे जीतू पटवारी ने शीतला माता मंदिर हादसे की परिस्थितियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जब मंदिर परिसर में साइकिल ले जाने तक पर प्रतिबंध था, तो वहां ट्रक कैसे पहुंच गया? जब मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, तो उनकी सुरक्षा के लिए प्रशासन ने क्या इंतजाम किए थे? पटवारी ने कहा कि इस हादसे में कई लोगों की जान गई और कई परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है। ऐसे में जवाबदेही तय होना जरूरी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घायलों के उपचार में देरी का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए चार-चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने सरकार से मांग की कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रभावित परिवारों को उचित सहायता दी जाए।
पटवारी ने कफ सिरप से बच्चों की मौत, जहरीली शराब की घटनाओं और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का उल्लेख करते हुए प्रदेश की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और संकट के समय तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हर घटना के बाद सवाल उठते हैं, लेकिन जरूरी है कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई भी हो। जीतू पटवारी ने शीतला माता मंदिर हादसे की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन इन सवालों पर क्या जवाब देते हैं और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।