बीना पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट से एमपी में खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते! मुंबई में सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान
मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा भरोसा जताया है। मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय ‘इंडिया केम 2026’ के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीना की पेट्रोकेमिकल परियोजना मध्यप्रदेश को उद्योगों के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी। करीब 50 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से प्रदेश में निवेश, उत्पादन और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुंबई के बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित ‘इंडिया केम 2026’ का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तीन दिवसीय आयोजन में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े निवेश, आधुनिक तकनीक और वैश्विक साझेदारी पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का केमिकल और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2040 तक इस क्षेत्र को एक ट्रिलियन डॉलर की इंडस्ट्री बनाने के लक्ष्य में मध्यप्रदेश भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। सीएम मोहन यादव ने बीना में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पेट्रोकेमिकल उत्पादों के निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने रायसेन जिले के तामोट और ग्वालियर के बिलोवा में विकसित प्लास्टिक पार्कों के साथ पीएम मित्रा पार्क तथा गेल की परियोजनाओं को भी प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद मध्यप्रदेश में करीब 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए उद्योगों को बिजली, पानी, भूमि और निवेश-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘इंडिया केम 2026’ से मध्यप्रदेश को नए निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसर मिलेंगे। अब इन निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना प्रदेश के औद्योगिक विकास की अहम कसौटी होगी।