सागर- देवी माँ को नम आँखों से दी विदाई, देर रात तक चला विसर्जन, धूमधाम से मनाया गया दशहरा
विजयदशमी को लेकर सागर जिले में एक अलग ही रौनक देखने को मिली। ये त्योहार बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ये नज़ारा सागर जिले के गढ़ाकोटा क्षेत्र का है। जहां देर रात तक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरा प्रशासनिक अमला सजग और अलर्ट नज़र आया। बड़ी मूर्तियों का विसर्जन हाइड्रा मशीन से किया गया। इस दौरान भक्तों ने नम आंखों से माँ को अंतिम विदाई दी।
बता दें की गढ़ाकोटा में शारदीय नवरात्र पर्व के समापन पर विजयादशमी का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। नगर में विराजमान दुर्गा प्रतिमाओं का चल समारोह निकाला गया। जहां अखाड़ों,डीजे और बाजे-गाजे के साथ निकले चल समारोह देर रात तक जारी रहे। परंपरा के अनुसार सबसे पहले मां काली की प्रतिमा का चल समारोह निकाला गया। जिसके बाद अन्य दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन के लिए रवाना हुईं। बड़े पुल के पास सुनार नदी स्थित विसर्जन घाट पर प्रशासन की निगरानी में देर रात तक प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पालिका गढ़ाकोटा द्वारा सुनार नदी के बड़े पुल स्थित घाट पर जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं। विसर्जन करने हाइड्रा मशीन और नाव की व्यवस्था की गई थी। ताकि बड़ी प्रतिमाओं को सुरक्षित तरीके से नदी में विसर्जित किया जा सके। घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए थे। पुलिस, नगर पालिका, राजस्व और वन विभाग का अमला पूरे समय मौके पर मौजूद रहा।
थाना प्रभारी गौरव तिवारी, तहसीलदार महेश दुबे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के अलावा कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं पर नजर रखी। साथ ही विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित संपन्न कराने में सहयोग किया।
तहसीलदार महेश दुबे का कहना था की दशहरा पर्व नगर में शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। जिसमें सभी का सहयोग रहा।