Sagar- गब्बर सिंह को मारकर नदी में फेंक दिया, CCTV में रिकॉर्ड हो गई आरोपी की बातचीत, फिर...
सागर में एक शराब पार्टी… फिर शुरू हुआ विवाद, गाली-गलौज और मारपीट! देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि 42 वर्षीय गब्बर सिंह की जान चली गई। आरोप है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को नदी में फेंक दिया गया। लेकिन आरोपियों की एक कथित बात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसने पूरे मामले की जांच को नया मोड़ दे दिया।
मामला देवरी थाना क्षेत्र के मुआर खास गांव का है। यहां रहने वाले गब्बर सिंह 15 अक्टूबर की दोपहर अचानक लापता हो गए। परिवार ने उन्हें तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुआर नदी में तलाश करने का संदेह हुआ। सर्चिंग कराई गई और 16 अक्टूबर को नदी से गब्बर सिंह का शव बरामद हुआ। इसके बाद मामला गंभीर हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और हत्या के संदेह में जांच आगे बढ़ाई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गब्बर सिंह घटना से पहले चार लोगों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। मृतक के भाई विक्रम सिंह दांगी ने हजारी गौंड, कुलदीप गौंड, वीरेंद्र गौंड और गब्बू गौंड पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। परिवार ने घटना से एक दिन पहले होटल पर हुए विवाद और गाली-गलौज की जानकारी भी पुलिस को दी।
अब जांच में सामने आया एक CCTV फुटेज इस मामले की अहम कड़ी बन गया। पुलिस ने आसपास की दुकानों के कैमरे खंगाले। इसी दौरान एक दुकान के फुटेज में आरोपी कुलदीप गौंड कथित तौर पर पानी में भीगा नजर आया। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में वह गब्बर सिंह को मारकर नदी में फेंकने की बात कहता दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। देवरी थाने के एसआई समरथ सीनम के अनुसार, कुलदीप गौंड, हजारी गौंड, वीरेंद्र गौंड और गब्बू गौंड को हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया है। पूछताछ के बाद चारों को न्यायालय में पेश किया गया।