बेटी के अंतिम संस्कार में पहुंचे मायके वालों से मार पी ट ! 9 लोगों पर केस, वीडियो वायरल
बेटी की मौत का गम लेकर अंतिम संस्कार में पहुंचे मायके पक्ष के लोगों को कथित तौर पर मारपीट का सामना करना पड़ा। एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के महुआखेड़ा गांव में अंतिम संस्कार के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस ने मृतका के पति समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला मड़ियादो थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, महिला नीता लोधी की बुधवार को जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इससे पहले वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया था कि नीता पर गर्म चाय डाली गई थी। परिजनों के मुताबिक, पहले उन्हें हटा अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल और वहां से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
गुरुवार को नीता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पन्ना जिले के पड़वार गांव से उनके मायके पक्ष के लोग महुआखेड़ा पहुंचे थे। मृतका की चाची रीना लोधी के अनुसार, परिजनों ने ससुराल पक्ष से नीता का सुहागन की तरह श्रृंगार करने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए हटा सिविल अस्पताल भेजा गया और मड़ियादो थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में पुलिस ने मृतका के पति राम सिंह, चाचा रघुराज सिंह, हरिओम सिंह, छोटू सिंह, खुमान सिंह और परिवार की चार महिलाओं सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वायरल वीडियो की चर्चा के बीच पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गर्म चाय डालने और मारपीट से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। एक तरफ परिवार बेटी की मौत के दुख में डूबा था, तो दूसरी तरफ अंतिम संस्कार के दौरान विवाद और मारपीट के आरोप सामने आए हैं। अब पुलिस जांच से स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे की पूरी वजह क्या थी और जिम्मेदार कौन हैं।