Sagar- डेयरी संचालकों पर नगर निगम का शिकंजा, 5 डेयरियों के पशु पकड़कर हफसिली भेजे
सागर में अब डेयरी संचालकों की मनमानी नहीं चलेगी! शहर से डेयरियों को बाहर शिफ्ट करने के लिए नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। डेयरी विस्थापन परियोजना के तहत हफसिली में भूखंड आवंटित होने के बावजूद डेयरियां शिफ्ट नहीं करने वालों पर निगम प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है।
सूबेदार वार्ड में कार्रवाई करते हुए पांच डेयरियों के पशुओं को पकड़कर हफसिली भेजा गया। वहीं, निगमायुक्त ने डेयरी संचालकों को तत्काल शिफ्टिंग करने की चेतावनी दी है। दरअसल, शहर में संचालित डेयरियों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम द्वारा डेयरी विस्थापन परियोजना चलाई जा रही है। इसके तहत डेयरी संचालकों को हफसिली में भूखंड आवंटित किए गए हैं, ताकि शहर के भीतर संचालित डेयरियों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जा सके।
लेकिन आवंटन के बाद भी कुछ डेयरी संचालकों द्वारा अपनी डेयरियां शिफ्ट नहीं की गईं। इसी को लेकर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कराई। नगर निगम की टीम ने सूबेदार वार्ड में कार्रवाई करते हुए कल्लू यादव, राजेश यादव, कुंजी साहू, सुरेश साहू और पप्पू साहू की डेयरियों से पशुओं को पकड़ा। इसके बाद वाहनों के जरिए उन्हें डेयरी विस्थापन स्थल हफसिली भेज दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में डेयरी संचालकों के बीच हलचल मच गई। निगम प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि भूखंड आवंटित होने के बाद भी डेयरी शिफ्ट नहीं करने वालों के खिलाफ अब सख्ती बरती जाएगी।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने सभी संबंधित डेयरी संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे आवंटित भूखंड पर तत्काल अपनी डेयरियां शिफ्ट करें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। सागर में डेयरी विस्थापन को लेकर नगर निगम अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद शहर की बाकी डेयरियां हफसिली शिफ्ट होती हैं या निगम को आगे भी इसी तरह की कार्रवाई करनी पड़ती है।