गणपति घाट पर चढ़ाई के दौरान कार बनी आग का गोला, 3 मिनट में धू-धू कर जली गाड़ी
एमपी के धार जिले के गणपति घाट पर चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। राऊ-खलघाट फोरलेन पर चढ़ाई के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से पहले धुआं निकलने लगा और फिर महज दो से तीन मिनट के भीतर गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। कार में सवार लोग महेश्वर से इंदौर जा रहे थे। गनीमत रही कि धुआं देखते ही सभी लोग कार से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि कार और उसमें रखा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना बुधवार शाम धामनोद थाना क्षेत्र के गणपति घाट की है। जानकारी के मुताबिक, महेश्वर निवासी जयवर्धन सालवे स्विफ्ट डिजायर कार से इंदौर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार घाट की चढ़ाई पर पहुंची, अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए कार सवार तुरंत नीचे उतर गए। इसके कुछ ही मिनट बाद कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई।
कार से आग की लपटें उठती देखकर मौके पर हलचल मच गई। कार सवारों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद धामनोद की फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाई। इस दौरान काकड़दा चौकी प्रभारी सुनील जामले सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली।
आग में स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 10 CA 3288 पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वाहन में रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। राहत की बात यह रही कि कार सवारों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। गणपति घाट पर हुआ यह हादसा बताता है कि चलते वाहन से अचानक धुआं उठना गंभीर खतरे का संकेत हो सकता है। समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, सूचना के बाद दमकल वाहन के पहुंचने में हुई देरी भी चर्चा का विषय है।