पटाखों की अवैध खेप पकड़ी! 13 कार्टून आतिशबाजी और टैक्सी जब्त, आरोपी गिरफ्तार
दीपावली से पहले अवैध पटाखों के परिवहन पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। नौगांव थाना पुलिस की रोड पेट्रोलिंग के दौरान एक तीन पहिया टैक्सी से 13 कार्टून पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पटाखों के साथ टैक्सी भी जब्त कर ली है। मामले में झांसी निवासी जमील खान को गिरफ्तार किया गया है। जब्त आतिशबाजी और टैक्सी की कुल कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। दरअसल, एमपी के सागर संभाग के छतरपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान नौगांव थाना पुलिस को सूचना मिली कि पलेरा रोड से अवैध रूप से आतिशबाजी का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम इलाके में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास पलेरा रोड पर एक तीन पहिया टैक्सी से कुछ कार्टून सड़क पर गिरते दिखाई दिए। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और टीम ने टैक्सी को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार्टूनों को खोलकर देखा गया तो उनमें पटाखे और आतिशबाजी की सामग्री रखी मिली। गिनती करने पर कुल 13 कार्टून बरामद हुए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटाखों और उनके परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टैक्सी को जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, टैक्सी चालक और आतिशबाजी से जुड़े व्यक्ति की पहचान झांसी निवासी जमील खान के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने पटाखे झांसी से खरीदकर लाना बताया है। हालांकि, पटाखे कहां ले जाए जा रहे थे और उनके परिवहन के लिए जरूरी नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जब्त पटाखों और टैक्सी की कुल कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आतिशबाजी की मांग बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस अवैध भंडारण और परिवहन पर नजर बनाए हुए है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि पटाखों की खेप कहां पहुंचाई जानी थी। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।