Sagar- 10 लाख के पटाखे जब्त ! मकान में मिला आतिशबाजी का बड़ा भंडार, मोतीनगर पुलिस की रेड
दीपावली से पहले सागर में अवैध पटाखों के भंडारण को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक मकान के अंदर लाखों रुपये की आतिशबाजी का भंडार मिला है। पुलिस ने करीब 25 पेटी पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 8 से 10 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। बताया गया है कि मकान मालिक भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरा मामला सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में बालाजी मंदिर रोड के पास का है। गुरुवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुनील शर्मा के मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं और उनके भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं है।
सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मकान की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान वहां बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिले। पुलिस ने भंडारण का लाइसेंस मांगा, लेकिन संबंधित व्यक्ति उसे प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 पेटी पटाखे जब्त कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे। जब्त आतिशबाजी की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये आंकी गई है।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मोतीनगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गौरतलब है कि इससे पहले कैंट थाना क्षेत्र में करीब 25 हजार रुपये और बंडा थाना क्षेत्र में लगभग 50 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए जा चुके हैं। दीपावली से पहले पुलिस और प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध रूप से आतिशबाजी जमा करने वालों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। त्योहार के दौरान पटाखों का अवैध भंडारण आगजनी और बड़े हादसों का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में पुलिस लाइसेंस और सुरक्षा नियमों की जांच कर रही है। अब इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।