Sagar- जुनून को सलाम! साइकिल और स्केटिंग से निकले 2 युवा, चार धाम-12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर
कहते हैं, अगर मंजिल पाने का जुनून हो, तो रास्ते की मुश्किलें भी हौसले के आगे छोटी पड़ जाती हैं। कुछ ऐसा ही कर दिखाने निकले हैं दो युवा, जिनका लक्ष्य है चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पूरी करना। एक युवा साइकिल से सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर रहा है, तो दूसरा स्केटिंग करते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह दोनों युवाओं के राहतगढ़ पहुंचने पर नगर में उनका जोरदार स्वागत किया गया। सागर जिले के राहतगढ़ के भोपाल तिराहे स्थित पेट्रोल पंप के पास इन दोनों यात्रियों का स्वागत नगर के वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र राजपूत ने किया। अलग-अलग राज्यों से निकले इन युवाओं का उद्देश्य एक है—आस्था, साहस और आत्मविश्वास के साथ अपनी धार्मिक यात्रा पूरी करना।
इनमें से एक युवा कोलकाता से साइकिल पर 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पर निकला है, जबकि दूसरा बिहार का रहने वाला है और स्केटिंग के जरिए अपनी यात्रा पूरी करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। इनकी यात्रा की खास बात यह है कि दोनों युवा रोजाना करीब 70 से 80 किलोमीटर तक का सफर तय कर लेते हैं। रास्ते में जहां रात हो जाती है, वहां किसी मंदिर या पेट्रोल पंप पर ठहरकर आराम कर लेते हैं। खाने-पीने की व्यवस्था भी कई बार स्थानीय लोग कर देते हैं।
यात्रा के दौरान लोगों से मिलने वाला सहयोग और स्वागत इनके हौसले को और मजबूत कर रहा है। सीमित साधनों के बावजूद दोनों युवा अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। जब दोनों से पूछा गया कि अलग-अलग राज्यों से होने के बावजूद वे एक साथ कैसे यात्रा कर रहे हैं, तो उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात प्रयागराज के संगम में हुई थी। बातचीत के दौरान पता चला कि दोनों का लक्ष्य एक ही है। इसके बाद दोनों ने साथ यात्रा करने का फैसला किया। राहतगढ़ से अब दोनों बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन के लिए रवाना हुए हैं। दो युवाओं की यह यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था की कहानी नहीं, बल्कि जुनून, हिम्मत और एक लक्ष्य के लिए साथ चलने की प्रेरणा भी है। अब देखना होगा कि साइकिल और स्केटिंग के सहारे निकले ये दोनों युवा अपनी लंबी यात्रा को किस तरह पूरा करते हैं।