सजेगा कायस्थ महाकुंभ का दरबार, देशभर से जुटेगा समाज, 25 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन | SAGAR TV NEWS |
धर्मनगरी उज्जैन में 24 और 25 अक्टूबर को कायस्थ समाज का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन और महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। कार्तिक मेला ग्राउंड पर होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर से समाज के लोग, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सामाजिक एकता, युवाओं के परिचय सम्मेलन, आध्यात्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस महाकुंभ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
कार्यक्रम समन्वयक दिनेश श्रीवास्तव के मुताबिक, आयोजन के पहले दिन यानी 24 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का महामिलन समारोह होगा। इसमें राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। साथ ही कायस्थ युवा पंचायत, नारी प्रेरणा संगम और महिलाओं के लिए गर्भ संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई है।
आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और आपसी सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महाकुंभ के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे अखिल भारतीय परिचय सम्मेलन शुरू होगा। इसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों के साथ विधवा, विदुर और तलाकशुदा लोग भी जीवन की नई शुरुआत के उद्देश्य से हिस्सा लेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे सवा लाख ‘ॐ चित्रगुप्ताय नमः’ महामंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस धार्मिक अनुष्ठान में देशभर से लगभग 11 हजार परिवार प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।
आयोजन में वृंदावन स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त पीठ के महामंडलेश्वर भी शामिल होंगे। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कला और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘राष्ट्रीय कायस्थ गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 25 अक्टूबर को मां क्षिप्रा के तट पर भगवान चित्रगुप्त के नाम से घाट के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण कार्य का भूमिपूजन होगा। साथ ही घाट के नामकरण से संबंधित शिलालेख का अनावरण भी किया जाएगा। उज्जैन में होने जा रहा यह कायस्थ महाकुंभ सामाजिक एकजुटता, आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का संगम बनने जा रहा है। अब देशभर से आने वाले समाजजनों की सहभागिता के साथ इस आयोजन पर सभी की निगाहें रहेंगी।