Sagar-पिता राजेंद्र सिंह मोकलपुर की याद में छलक पड़े बेटे के आंसू, लोगों की भीड़ देख बोले...
सालों तक जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले नेता जब दुनिया से विदा होते हैं, तो पीछे सिर्फ यादें नहीं छोड़ते… वे छोड़ जाते हैं लोगों के दिलों में ऐसी जगह, जिसे वक्त भी कभी मिटा नहीं पाता। सागर के जननेता और पंचायत से लेकर राज्य मंत्री तक का सफर तय करने वाले स्वर्गीय राजेंद्र सिंह मोकलपुर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है।
उनके देवलोक गमन के करीब 10 महीने बाद भी लोगों के दिलों में उनके प्रति प्रेम, सम्मान और अपनापन कम नहीं हुआ है। इसकी एक भावुक तस्वीर मोकलपुर में देखने को मिली, जब उनके बेटे पुष्पेंद्र सिंह और अरविंद सिंह की एक आवाज पर करीब 20 गांवों के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए। देखते ही देखते हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यह भीड़ किसी राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की नहीं, बल्कि एक ऐसे जननेता के प्रति लोगों के स्नेह और विश्वास की तस्वीर थी, जिसने अपना जीवन जनसेवा के नाम कर दिया।
लोगों के इस अपार प्रेम को देखकर पुष्पेंद्र सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1977 में इसी गांव से सरपंच बनकर उनके पिता ने राजनीति की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनका पूरा जीवन जनता की सेवा, जरूरतमंदों की मदद और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने के लिए समर्पित रहा। आज लोगों का यह प्यार देखकर महसूस होता है कि पिता ने अपने जीवन में जो कमाया, वह सिर्फ राजनीतिक पद नहीं, बल्कि लोगों का अटूट विश्वास और आशीर्वाद था।
स्वर्गीय राजेंद्र सिंह मोकलपुर भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संस्कार और जनसेवा की परंपरा उनके बेटे मोनू भैया और सोनू भैया आगे बढ़ा रहे हैं। गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की मदद के साथ-साथ वे सनातन परंपराओं को सहेजने का कार्य भी कर रहे हैं। मोकलपुर में मंदिर निर्माण के बाद अब संत आश्रम का निर्माण इसी संकल्प का हिस्सा है।
बता दें कि जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी द्वारकापीठ सदानंद सरस्वती महाराज के शिष्य परम पूज्य श्री रवि शंकर जी महाराज का आगमन सागर जिले के सुरखी विधानसभा के ग्राम मोकलपुर में हुआ, इस कार्यक्रम संत स्वामी जी के मुखारबिंद से आशीर्वचन सुनने ग्राम घाटमपुर ,बरोदा बंसिया, बैरसला, हनोता, हपसिली, नारायणपुर, करैया, सुरखी , बिदवास, हीरापुर, चतुर्भाटा ,उमरारी, भिलैया, समनापुर, नटरी, बिलहरा,पिपरिया, सहजपुरी, खामकुआँ, केवलरी, बिहारीखेड़ा , खेजरा ,उदयपुर अर्जुना, मडखेड़ा, गोसरा, सूरजपुर आदि ग्राम के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए