पुलिस पर हमला करने वाला मुख्य गांव में निकाला जुलूस, आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
एमपी के उज्जैन में खाकी पर हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस टीम पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी सरदार सिंह बंजारा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले दो महिला आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब इस मामले में कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को उन्हेल और नागझिरी गांव में जुलूस के रूप में निकाला। वहीं, मामले में पांच अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पूरा मामला उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के नागझिरी गांव का है। घटना 21 अक्टूबर की है, जब पुलिस टीम एक मामले में दबिश देने गांव पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर अचानक ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक पुलिस अधिकारी, एक महिला आरक्षक और एक आरक्षक घायल हो गए थे। आरोप यह भी है कि उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और उनकी वर्दियां तक फाड़ दीं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
पुलिस ने मामले में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान दो महिला आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी सरदार सिंह बंजारा को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उन्हेल और नागझिरी गांव की सड़कों से लेकर निकली। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बन गया है।
उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस शेष पांच फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम पर हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। अब पुलिस की नजर फरार आरोपियों पर है। देखना होगा कि इस मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है।