कलेक्टर ने बच्चों के बीच बैठकर सुनी कविताएं, 213 आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश | SAGAR TV NEWS |
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान हो… इसी उद्देश्य के साथ एमपी के हरदा जिले के रहटगांव में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जहां हितग्राहियों को लाखों रुपये की योजनाओं के स्वीकृति पत्र और सहायता राशि दी गई, वहीं कलेक्टर कुमार सत्यम ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। रहटगांव के शासकीय एल.एन. पालीवाल हाई स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। यहां अलग-अलग विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य जांच, आधार पंजीयन और फार्मर आईडी बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में आमजन से कुल 213 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके समय-सीमा में निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
शिविर के दौरान कलेक्टर कुमार सत्यम का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान वे बच्चों के बीच फर्श पर बैठ गए और उनकी कविताएं सुनकर हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों के पोषण, टीकाकरण और कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के प्रयासों की जानकारी ली। बच्चों को बिस्किट और फल भी वितरित किए। वहीं, धनपाड़ा में कलेक्टर ग्रामीणों के साथ बेंच पर बैठे और उन्हें स्वामित्व रजिस्ट्री के फायदे बताए। उन्होंने अधिकारियों को रजिस्ट्री का काम समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में अव्यवस्था मिलने पर प्रभारी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए गए। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर भी नाराजगी जताई गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने मरीजों से बातचीत की, आभा आईडी बनवाई और पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वसहायता समूहों को कुल 12 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। इसके अलावा उद्यम, स्वरोजगार, कृषि, सिंचाई और पशु आहार से जुड़ी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ मिला। संबल योजना के तहत तीन हितग्राही परिवारों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता के चेक प्रदान किए गए। अब देखना होगा कि शिविर में मिले 213 आवेदनों का कितनी तेजी से निराकरण होता है और निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है।