Sagar- ऑटो से डेयरियों का निरीक्षण करने पहुंचे निगमायुक्त,पशुओं को हफसिली भेजा,बोले बाहर करें डेयरियां !
सागर में निगमायुक्त राजकुमार खत्री एक अलग ही अंदाज़ में नज़र आये। वह ऑटो में सवार होकर डेयरियों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां शहर में डेयरी संचालित पाए जाने पर उन्होंने पशुओं को हफसिली भिजवाया। ये सख्ती तब बरती गयी जब डेयरी विस्थापन परियोजना के तहत शहर से बाहर की गयी डेयरियों को वापिस संचालित किया जा रहा था। इसी को लेकर 23 संचालकों के खिलाफ कार्यवाई की गयी।
बता दें की सागर में बीते कुछ पहले डेयरी विस्थापन के तहत शहर से डेयरियों को बाहर भिजवाया गया था। जिसके तहत डेयरी संचालकों को जगह भी दी गयी थी। लेकिन कुछ समय बाद कई कमियों के चलते कई डेयरी संचालकों ने वापस शहर में ही अपना कारोबार शुरू कर दिया। यहां तक की पशु भी वापिस ले आये। लेकिन अब निगम आयुक्त राजकुमार खत्री इसको लेकर सख्त नज़र आ रहे हैं। इसी को लेकर कार्यवाई शुरू की गयी।
बताया गया की निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शहर में संचालित डेयरियों को डेयरी विस्थापन परियोजना हफसिली में आवंटित भूखंडों पर शिफ्ट न करने वाले 23 डेयरी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। वह ऑटो से सूबेदार वार्ड पहुंचे और डेयरियों का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित पांच डेयरियों के पशुओं को पकड़कर वाहनों के माध्यम से डेयरी विस्थापन परियोजना हफसिली भिजवाया।
उन्होंने संबंधित डेयरी संचालकों से कहा की जिन संचालकों को हफसिली में भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। वे तत्काल अपनी डेयरियों को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट करें। इसके बावजूद भी अगर शहर में डेयरियों का सञ्चालन किया जाएगा तो एफआईआर समेत जुर्माना और कड़ी कार्यवाई की जाएगी।
निगमायुक्त की माने तो शहर के अंदर डेयरियों के संचालन से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की आवाजाही से यातायात बाधित होने के साथ नागरिकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
बताया गया की शहर में भौतिक सत्यापन के दौरान पांच या उससे ज्यादा पशुओं वाली कुल 76 डेयरियां चिह्नित की गई हैं। इनमें से 23 संचालकों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। बाकी 53 डेयरी संचालकों को जल्द ही शिविर आयोजित कर भूखंड आवंटित किए जाएंगे।------