साप्ताहिक बाजार में घुसी बेकाबू कार, एक मौके पर हुआ ख़त्म चार घायल, तनाव के बाद कार में लगा दी आग !
इलाके में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था। सब अपने अपने काम में जुटे हुए थे। किसी को ज़रा भी भनक नहीं थी की अगले ही पल क्या होने वाला है। इतने में एक बेकाबू कार आई और सीधे भीड़ में जाकर घुस गयी। जिसकी चपेट में आने से एक शख्स की जान चली गयी। जबकि चार लोग गंभीर घायल हो गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया। दिल दहला देने वाली घटना एमपी के डिंडौरी जिले से सामने आई है। आग में जलती हुई कार का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले को जांच में लिया गया।
ये पूरी घटना डिंडौरी के गोपालपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत झनकी गांव से सामने आई है। बताया जा रहा है की साप्ताहिक बाजार के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक झनकी गांव में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था। तभी कथित रूप से लापरवाही पूर्वक चलाई जा रही ईको कार बाजार में मौजूद लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। वाहन की चपेट में आने से सहजना गांव निवासी एक ग्रामीण की जान चली गई.वहीं चार अन्य लोग घायल हो गए। इसके अलावा बेकाबू कार ने एक दुकान को भी क्षतिग्रस्त किया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। काफी देर तक विरोध और तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा था। एसपी ने एसडीओपी को घटनास्थल पर भेजा था। साथ ही आसपास के थानों का पुलिस बल भी मौके पर भेजा गया था। लोगों को समझाइश दी गयी साथ ही स्थिति को काबू में किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।------