सागर- 5 डेयरियों के पशु पकड़कर हफसिली भेजे, संचालकों को FIR की चेतावनी
सागर में शहर के अंदर डेयरी संचालित करने वालों की अब खैर नहीं! नगर निगम ने डेयरी विस्थापन अभियान के तहत सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार सुबह निगमायुक्त राजकुमार खत्री अचानक संत रविदास वार्ड पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान पांच डेयरियों में पशु मिले, जिन्हें नगर निगम की टीम ने पकड़कर हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन स्थल पर भिजवा दिया। वहीं, नियमों का पालन नहीं करने वाले डेयरी संचालकों पर एफआईआर और जुर्माने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में टीकाराम यादव, राजू केसरवानी, रामभजन यादव, भरत यादव और रमेश पटैरिया की डेयरियों का निरीक्षण किया गया। इन डेयरियों में पशु पाए जाने पर निगम की टीम ने काऊ कैचर वाहन की मदद से पशुओं को पकड़ा। इसके बाद जप्ती की कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया गया और पशुओं को हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन स्थल भेज दिया गया।
कार्रवाई के दौरान टीकाराम यादव ने अपने 17 पशुओं को शाम तक तालचिरी में शिफ्ट करने का आश्वासन दिया।
दरअसल, नगर निगम की डेयरी विस्थापन परियोजना के तहत कई संचालकों को हफसिली सहित निर्धारित स्थलों पर भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद शहर में डेयरियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि अब ऐसे संचालकों को किसी तरह की अतिरिक्त छूट नहीं दी जाएग
निगम प्रशासन के मुताबिक, शहर की सड़कों और आवासीय इलाकों में डेयरियों के संचालन से गंदगी फैलती है। पशुओं के कारण यातायात बाधित होने और लोगों को आवागमन में परेशानी होने की शिकायतें भी सामने आती हैं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए नगर निगम शहर से डेयरियों को बाहर शिफ्ट कराने का अभियान चला रहा है।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को अभियान लगातार जारी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाली डेयरियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। भूखंड आवंटन के बाद भी डेयरी शिफ्ट नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ अब एफआईआर, जुर्माने और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में देखना होगा कि निगम के इस सख्त अभियान से शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में कितना सुधार आता है।