शराबी चालकों पर चला कानून का डंडा, वाहन जब्त और 10-10 हजार का चालान, पुलिस ने दी हिदायत
शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है। जैसे ही इस बात की पुष्टि होती है की वाहन को शराब पीकर चलाया जा रहा है वैसे ही वाहनों को जब्त करते हुए चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किये जा रहे हैं। इसी को लेकर यातायात और जिला पुलिस ने कड़ी कार्यवाई कर पांच प्रकरण दर्ज किये। साथ ही 10-10 हजार रूपये का जुर्माना भी वसूला गया। मामला हरदा जिले का है।
दरअसल हरदा में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन कराने को लेकर एसपी शशांक के निर्देशन और एडिशनल एसपी अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। जहां शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई। बताया गया की इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों का ब्रीथ एनालाइजर मशीन से परीक्षण किया। जांच में शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर संबंधित वाहनों को जप्त कर चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। करीब पांच कार्यवाइयों को अंजाम दिया गया। जिसमें थाना यातायात के 2 प्रकरणों और कोतवाली थाने के 1 प्रकरण में न्यायालय द्वारा हर चालक पर 10-10 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया।
बताया गया की सड़क दुर्घटनाओं के कारणो में से एक मुख्य कारण नशे की हालत में वाहन चलाना पाया गया। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने को लेकर शराब पीकर और नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
यातायात थाना प्रभारी वर्षा गौर ने अपील करते हुए कहा की वाहन चालक नशे की हालत में वाहन को न चलाएं। ऐसा करना न सिर्फ उसके लिए घातक है बल्कि अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा है।------ देखने वाली बात होती है की आखिर पुलिस की पहल कब तक और कितना रंग लाती है।