स्नैपचेट से दोस्ती फिर शादी का बनाया दबाव, करवाचौथ का सामान लेकर पहुंचा घर, लगातार भेज रहा था गिफ्ट !
एक युवती की स्नैपचेट के जरिये एक युवक से दोस्ती हुई। बातचीत के दौरान युवक युवती पर शादी का लगातार दबाव बनाने लगा। लेकिन आरोप है की उसके मना करने पर युवक उसे परेशान करने लगा। यहां तक की करवाचौथ का सामन लेकर उसके घर भी पहुंच गया। आखिरकार परेशान होकर युवती ने थाने में शिकायत की, जहां पीछा करने, छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। पीड़िता ग्वालियर जिले के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की रहने वाली है जबकि आरोपी गुजरात के अहमदाबाद का निवासी है। जिसे शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया।
बताया गया की युवती की करीब सात महीने पहले गुजरात के अहमदाबाद निवासी साहिल पटेल से स्नैपचैट के जरिए बातचीत शुरू हुई। जिसमें उसने चैट और फोन पर बातचीत के बाद दोस्तों से बात न करने का दबाव बनाने लगा। साथ ही शादी की बात कही। युवती ने मना करते हुए बातचीत बंद कर दी। इसके बाद भी साहिल फोन और मैसेज कर उसे परेशान कर रहा था। पुलिस में की गयी शिकायत के मुताबिक 14 जून 2026 को आरोपी युवती के घर के सामने पहुंचा और हंगामा करने लगा। आरोप है की तब उसने उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती के परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लेकिन विवाद बढ़ने पर आरोपी माफी मांगकर चला गया था। लेकिन आरोप है की बीते 30 अगस्त की रात भी आरोपी उसके घर के सामने पहुंचा। शादी न करने पर युवती की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद कथित तौर से करवा चौथ का सामान लेकर उसके घर पहुंच गया। वह लगातार घर आकर और गिफ्ट भेजकर उसे परेशान कर रहा था। थक हारकर पीड़िता गोला का मंदिर थाने पहुंची और शिकायत की। जहां अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है। मामले में एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने जानकारी दी।------