सागर- मंत्री पुत्र की पहल रंग लाई, निःशुल्क कोचिंग से बच्चों का संवर रहा भविष्य, यहीं मिल रही हर सुविधा
पहले युवक-युवतियों को कॉम्पिटिशन एग्जाम समेत अन्य तरह की तैयारियों को लेकर सागर या बाहर जाना पड़ता था। लेकिन कैबिनेट मंत्री के पुत्र ने एक पहल की शुरुआत की। जिसके तहत सागर जिले के जैसीनगर क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने को लेकर निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत की गई। युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश राजपूत ने एजीआर निःशुल्क क्लासेस की शुरुआत की थी। जिससे छात्र-छात्राओं को पास ही तैयारी करने का मौक़ा मिल रहा है। इसके तहत बच्चों का भविष्य संवारा जा रहा है। करीब 500 छात्र-छात्राएं ऐसे हैं जिन्होंने अपने तीन महीने का कोर्स पूरा कर लिया है। एक सत्र का समापन हो चुका है अब अन्य युवाओं को आगे मौका मिलेगा। सत्र के समापन के मौके पर युवा शक्ति संगठन की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम, कई प्रतियोगिताओं और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह शामिल हुए।
युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों और समस्याओं को समझने गांव-गांव जाकर संवाद की मुहिम चलाई। छात्र-छात्राओं से चर्चा के दौरान सामने आई जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एजीआर क्लासेस की शुरुआत की गई। जो तीन महीने से जैसीनगर में संचालित हो रही थी। आकाश राजपूत ने विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान और रीजनिंग की निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराईं।
समापन के मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। तीन महीने तक क्लासेस में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए सफलता की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर नवीन ठाकुर ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव और विचार साझा किए। उन्होंने आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने प्रेरित किया।
वहीं आकाश सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को छात्र-छात्राएं नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा बताया। कहा की जीवन में कभी भी किसी प्रकार की परेशानी आने पर वह भाई के रूप में उनके साथ खड़े रहने का प्रयास करेंगे। साथ ही कहा की अगर मन में दृढ इच्छा और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो लक्ष्य हासिल करने की राह बनाई जा सकती है।
समापन समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने मंच दिया गया। इस दौरान डिबेट, गायन, नृत्य, भाषण और शायरी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। जहां बच्चों ने अपने जौहर दिखाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।--