Sagar- बेटे को लेकर कॉलेज से आई बुरी खबर, भाई को भेजे आखिरी मैसेज में छिपा वो राज | SAGAR TV NEWS |
सागर की एसवीएन यूनिवर्सिटी में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस उम्र में आंखों में सुनहरे सपने होते हैं, जिंदगी को संवारने की उम्मीदें होती हैं और परिवार को अपने बच्चे के भविष्य से ढेरों उम्मीदें होती हैं, उसी उम्र में 19 साल के एक छात्र की जिंदगी अचानक खत्म हो गई। छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सदर निवासी प्रद्युम्न मिश्रा, उम्र 19 वर्ष, के रूप में हुई है। वह एसवीएन यूनिवर्सिटी में बीबीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, छात्र यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। विश्वविद्यालय प्रबंधन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र प्रद्युम्न मिश्रा ने घटना से पहले अपने भाई को एक संदेश भेजा था, जिसमें उसने परिवार से माफी मांगी थी। बताया जा रहा है कि प्रद्युम्न सिर से जुड़ी बीमारी से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। लेकिन आखिर उसके मन में क्या चल रहा था, वह किन तकलीफों से गुजर रहा था और घटना से पहले उसके हालात कैसे थे, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।