सागर- दो जगह छापे, ₹5 लाख के पटाखे जब्त, पटाखों पर पुलिस का डबल एक्शन! | SAGAR TV NEWS |
दीपावली से पहले सागर जिले में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अब शाहगढ़ में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। कहीं गोदाम में पटाखों के 18 बॉक्स छिपाकर रखे गए थे, तो दूसरी जगह 500 किलोग्राम पटाखों का जखीरा मिला। कार्रवाई के बाद अवैध भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह कार्रवाई 24 अक्टूबर को शाहगढ़ थाना क्षेत्र में की गई। जानकारी के मुताबिक, एसडीओपी बंडा डॉ. रोहित लखेरा अपराध समीक्षा के लिए शाहगढ़ पहुंचे थे। इसी दौरान मुखबिर से अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए शाहगढ़ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और लाखों रुपये की पटाखा सामग्री बरामद की। पुलिस की पहली कार्रवाई हनुमान टोरा स्थित एक गोदाम में हुई। यहां बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर जांच की गई। मौके से पटाखों के 18 बॉक्स बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी रिजवान खान के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई जमनेरा तिराहे पर की गई। यहां पुलिस ने पवन पिता दीपक ताम्रकार के कब्जे से पटाखों के 15 बोरे जब्त किए। इनकी कुल मात्रा लगभग 500 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में भी पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने 18 बॉक्स और 15 बोरे पटाखे जब्त किए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
त्योहारों के दौरान पटाखों का असुरक्षित और अवैध भंडारण आगजनी या गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस जिले में लगातार निगरानी कर रही है। सागर पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण और बिक्री वैध लाइसेंस तथा सुरक्षा मानकों के अनुसार ही करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सवाल यही है कि दीपावली से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस की यह सख्ती कितनी प्रभावी साबित होती है।