मामूली बात पर चल गई गोलियां, दहशत दिखाने दो राउंड हवाई फायर, इलाके में मची अफरा-तफरी !
मामूली विवाद के बाद गोलियां चलाये जाने का मामला सामने आया है जिससे लोग सहम गए। लायसेंसी बंदूक से दो राउंड हवाई फायर से जमकर दहशत मच गयी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए वहीं दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। घटना ग्वालियर जिले के मुरार थाना क्षेत्र पटेल नगर स्थित काशीपुरा से सामने आई है। जहां मामूली विवाद में हवाई फायरिंग हो गयी।
बताया जा रहा है की गार्डन संचालक अमन कुशवाह से बाइक सवार को लेकर पूछताछ के दौरान विवाद हुआ। आरोप है कि मन्नू उर्फ मनोज शर्मा अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आया और गली में दो राउंड हवाई फायर कर दिए। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित की शिकायत पर मुरार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक काशीपुरा निवासी गार्डन संचालक अमन कुशवाह अपने ऑफिस में था। तभी गली से बुलेट बाइक पटाखे जैसी आवाज निकालती हुई निकली। इसके कुछ देर बाद इलाके के ही मन्नू उर्फ मनोज शर्मा और उसका साथी करन शर्मा अमन के पास पहुंचा और पूछा की बाइक सवार कौन था, क्या वह गार्डन में आया है।
जब उसने अनजान होने की बात कही तो दोनों भड़क गए। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मनोज घर से अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आया और दहशत दिखाने बीच गली में दो राउंड हवाई फायर कर दिए। पीड़ित ने भाई के साथ मुरार थाने में शिकायत की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बयान के आधार पर केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।