Sagar -पत्रकार के घर दिनदहाड़े लूट, पत्नी को चाकू दिखाकर नकदी और चांदी के जेवर ले भागे बदमाश
सागर जिले के बीना में दिनदहाड़े घर के अंदर घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। पाठक वार्ड, कच्चा रोड इलाके में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक पत्रकार के घर को निशाना बनाया। घर में उस वक्त पत्रकार की पत्नी अकेली थीं। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें चाकू दिखाकर डराया और नकदी सहित चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने घरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, विचार मीडिया 24 के सीनियर रिपोर्टर राकेश सेन की पत्नी अनीता सेन घर में अकेली थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे दो बदमाश घर में दाखिल हुए। आरोप है कि उन्होंने अनीता सेन को चाकू दिखाकर धमकाया और अलमारी की चाबी मांगी। इसके बाद घर में रखी नकदी और जेवर समेटकर मौके से भाग निकले।
बदमाशों ने घर के मंदिर को भी नहीं छोड़ा। वहां रखी प्रभात फेरी की पेटी तोड़कर उसमें से करीब 12 से 15 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा चांदी की पायलें और बिछिया भी लूटकर ले गए। घटना के वक्त राकेश सेन कलेक्टर के कार्यक्रम की कवरेज करने गए हुए थे, जबकि उनके बेटा-बेटी भी घर पर मौजूद नहीं थे।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दोनों संदिग्धों की पहचान की जा सके। मुख्य सड़क और हाट बाजार के नजदीक दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। बड़ा सवाल यही है कि आखिर दिनदहाड़े घर में घुसकर वारदात करने वाले इन बदमाशों तक पुलिस कब पहुंचेगी और लूटी गई नकदी व जेवर कब बरामद होंगे।