Sagar - नो एंट्री में घुसा ट्रक, डिवाइडर में फंसा… एक घंटे तक जाम से कराहता रहा मकरोनिया
सागर के मकरोनिया में शनिवार को यातायात व्यवस्था की एक लापरवाही से पूरे एक घंटे तक जाम की गिरफ्त में रखा। बहेरिया की ओर से मकरोनिया की तरफ आ रहा आलू से लदा ट्रक पंचवटी लॉज के पास नो एंट्री में घुस गया। जब चालक को गलती का अहसास हुआ तो उसने ट्रक को बैक कर वापस ले जाने की कोशिश की, लेकिन व्यवस्था की इस ‘उल्टी चाल’ में ट्रक का पिछला पहिया डिवाइडर में जा फंसा। इसके बाद ट्रक बीच सड़क पर ऐसा अटका कि यातायात भी उसके साथ अटक गया।
ट्रक के सड़क पर फंसते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते करीब एक किलोमीटर तक जाम लग गया। हालात ऐसे बने कि आम वाहन तो दूर, एंबुलेंस तक जाम में फंस गई। लोगों को निकलने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
रही-सही कसर एक बस चालक ने पूरी कर दी। बस को ट्रक के बाजू में खड़ा कर दिया गया, जिससे सड़क पर बची-खुची जगह भी बंद हो गई और मकरोनिया की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
बाद में यातायात पुलिस के जवानों और स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर ट्रक को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ट्रक को मकरोनिया थाने ले गई और चालानी कार्रवाई के बाद उसे छोड़ दिया गया।
ट्रक चालक के अनुसार वह नरसिंहपुर जा रहा था और गलती से नो एंट्री में प्रवेश कर गया। सवाल यह है कि अगर एक ट्रक के ‘धोखे’ से पूरी सड़क व्यवस्था करीब एक घंटे तक ठप हो सकती है, तो नो एंट्री की निगरानी और यातायात प्रबंधन आखिर किस भरोसे चल रहा है? व्यवस्था तब क्यों जागती है, जब सड़क पर वाहन फंसकर शहर की रफ्तार रोक देते हैं?