सागर- नव निर्मित फोरलेन पर हो रहे हादसे, ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, हेलमेट बना रक्षक बची जान
सागर के शाहगढ़ क्षेत्र से निकले नव निर्मित फोरलेन सड़क पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आये दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं एक तरफ लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है वहीँ दूसरी तरफ कई लोग घायल भी हो रहे हैं। ताजा मामला फिर सामने आया जहां एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दो बाइक सवार घायल हुए हैं लेकिन गनीमत की बात ये है की दोनों ने ही हेलमेट पहना हुआ था जिससे उनकी जान बच गयी। ऐसे में हेलमेट जीवन रक्षक की तरह काम में आया है।
बता दें की बीते दिनों ही सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर दर्दनाक जान चली गई थी। तब डायल 112 के स्टाफ देवेंद्र यादव और पायलट हरिराम आठिया ने तत्परता दिखाते हुए महिला के राममिलन अहिरवार और उनकी महज दो साल की बेटी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया था।
बताया जा रहा है की रविवार को सुबह के समय फिर एक बार इसी फोरलेन पर एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिसमें धुरमार दलपतपुर निवासी कोमल अहिरवार और अमन अहिरवार घायल हो गए। लेकिन हेलमेट लगाने की वजह से दोनों बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के स्टाफ देवेंद्र यादव और पायलट हरिराम आठिया मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक अस्पताल शाहगढ़ पहुंचाया। जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने नव निर्मित फोरलेन पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देने की ज़रूरत है। ताकि घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लोगों को भी परेशानियों का सामना न करना पड़े।