Sagar- डीएपी की जगह कौन-सी खाद डालें किसान? कृषि अधिकारी ने बताये सही विकल्प
रबी सीजन में डीएपी खाद की किल्लत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सागर जिले सहित पूरे बुंदेलखंड में चना, मसूर, मटर और गेहूं की बुवाई शुरू हो चुकी है। ऐसे में फसलों की अच्छी पैदावार के लिए समय पर उर्वरक मिलना बेहद जरूरी है। लेकिन डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसान परेशान हैं। हालांकि, कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक डीएपी के विकल्प अपनाकर किसान अपनी फसलों की पोषक तत्वों की जरूरत पूरी कर सकते हैं।
डीएपी नहीं मिलने पर किसान डीएसपी, ट्रिपल सुपर फास्फेट (टीएसपी), एनपीके और सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) जैसे उर्वरकों का उपयोग कर सकते हैं। कृषि विभाग के अनुसार, एसएसपी के साथ यूरिया का निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल करके फसलों को जरूरी पोषक तत्व दिए जा सकते हैं। तीन बोरी एसएसपी में अगर 20 किलो यूरिया मिलाकर के बेसल डोज में देते हैं, तो डीएपी का कार्य करता है. एक बोरी डीएसपी है उसमें 20 किलो यूरिया मिलाकर के अगर आप बेसल डोज दे देते हैं तो वह भी डीएपी का ही काम करता है. हालांकि, खाद की मात्रा फसल, मिट्टी और पोषक तत्वों की जरूरत के अनुसार कृषि विशेषज्ञ की सलाह से ही तय करनी चाहिए।
सागर जिले के कृषि विभाग के उपसंचालक डॉ. राजेश त्रिपाठी ने बताया कि जिले में करीब पांच लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में खेती होती है। जिले के सभी 11 विकासखंडों में रबी सीजन के लिए खाद की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी।