तंजानिया की छात्रा से 45 हजार की ठगी, वर्क फ्रॉम होम का झांसा, पुलिस जुटी जांच पड़ताल में
तंजानिया की रहने वाली एक छात्रा के साथ एमपी में ठगी किये जाने का मामला सामने आया है। जहां वर्क फ्रॉम होम पार्ट टाइम जॉब लगवाने का झांसा देकर 45 हजार रूपये की ठगी की गयी है। पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ ई-जीरो FIR दर्ज की गयी है। मामले की जांच शुरू की गयी है मामला ग्वालियर जिले के सिरोल थाना क्षेत्र से सामने आया है।
बताया गया की तंजानिया की रहने वाली छात्रा ग्वालियर में रहकर पढ़ाई कर रही है। आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन, फाइल चार्ज और वेरिफिकेशन फीस समेत अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर बीते 15 और 16 अक्टूबर को Paytm UPI के जरिए 13 बार में रुपए ट्रांसफर कराए। नौकरी और रुपए वापस न मिलने पर उसे ठगी का अहसास हुआ। रुपए वापस मांगे तो उसे ब्लॉक कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक तंजानिया की रहने वाली हेरियथ जस्टीना ग्वालियर के एक विश्वविद्यालय में स्टूडेंट वीजा पर पढ़ाई कर रही है वह सिरोल थाना क्षेत्र की एमके सिटी टाउनशिप में अपने भाई के साथ रहती है। पढ़ाई का खर्च उठाने इंटरनेट पर वर्क फ्रॉम होम जॉब तलाश रही थी। तभी 15 अक्टूबर को उसे पार्ट-टाइम जॉब का मैसेज मिला। जिसमें घर बैठे काम करने और अच्छा मुनाफा कमाने का ऑफर दिया गया था छात्रा ने इसे असली जॉब ऑफर समझा। जिसकी प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर ठगों ने छात्रा से रुपए मांगने शुरू कर दिए।
उससे फाइल चार्ज, वेरिफिकेशन फीस तो कभी अन्य प्रक्रिया का हवाला देकर भुगतान करने कहा गया। झांसे में आकर छात्रा ने 13 ट्रांजैक्शन में 45 हजार रुपए भेज दिए। लेकिन नौकरी नहीं मिली। संदेह पर उसने पैसे वापिस मांगे तो उसे ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद छात्रा ने साइबर सेल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने ई-जीरो FIR दर्ज की है। पुलिस छात्रा के Paytm ट्रांजैक्शन और चैट हिस्ट्री की जांच कर रही है जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है उनके खाताधारकों और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।