Sagar - घर के बाहर सो रहा था परिवार अचानक आई आवाज, और मच गई अफरा-तफरी
Sagar जिले के नरयावली में एक अनियंत्रित ट्राला कहर बनकर टूट पड़ा। सागर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्राला सड़क किनारे बने आकाश साहू के मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त मकान मालिक आकाश साहू घर के बाहर खटिया पर सो रहे थे। वे ट्राले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल गंभीर हालत में इलाज के लिए सागर भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित ट्राला सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों को टक्कर मारता हुआ सीधे घर के अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान तहस-नहस हो गया। मकान को भी भारी क्षति पहुंची। घर के भीतर अचानक ट्राला घुसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार भी मच गई।
हादसे के बाद ट्राले का क्लीनर वाहन के भीतर ही फंस गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए सागर रवाना किया गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि ट्राला चालक को नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से वाहन बेकाबू हो गया। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। घटना के संबंध में जब थाना प्रभारी प्रीति मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।