शरद पूर्णिमा की धूम, देश-विदेश से पहुंचे हज़ारों भक्त, आधी रात निकली श्री राज जी महाराज की दिव्य सवारी
पूनम की चांदनी और भक्ति का ऐसा रंग की इसकी छटा देखते ही बन रही थी। शरद पूर्णिमा की धूम थी तो आधी रात को श्री राज जी महाराज की दिव्य सवारी निकाली गयी। सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग यहां आये हुए थे। दरअसल पन्ना जिले में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दिन में प्राचीन श्री जुगल किशोर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, तो रात होते ही प्रणामी संप्रदाय के प्रमुख तीर्थ पद्मावतीपुरी धाम में भक्ति का अद्भुत नजारा देखने मिला। आधी रात को पूनम की चांदनी के बीच श्री राज जी महाराज की दिव्य सवारी निकली, तो पूरा मंदिर परिसर ‘रास के रमइया की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। देश-विदेश से पहुंचे हजारों सुंदरसाथ ने दर्शन किए। महोत्सव में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए और धर्मलाभ लिया।
पन्ना में शरद पूर्णिमा की रात आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने मिला। महामति श्री प्राणनाथ जी मंदिर परिसर स्थित बंगला जी मंदिर में सेवा, पूजा और आरती के बाद रात 12 बजे श्री राज जी महाराज के दिव्य सिंहासन की शोभायात्रा निकाली गई। पुजारी सिंहासन को कंधों पर लेकर ब्रह्म चबूतरे के रासमंडल पहुंचे। श्री जी की सवारी निकलते ही रास के रमइया की जय’ और श्री प्राणनाथ प्यारे की जय’ के जयकारों से पन्ना धाम गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। दरअसल धार्मिक मान्यता है की शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा की किरणों से अमृत वर्षा होती है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु घरों की छतों पर खीर रखकर सुबह प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।
इस अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में मध्य प्रदेश के साथ गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों से हजारों सुंदरसाथ पहुंचे। विदेशी श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। सभी एक ही रंग में रंगे नज़र आये। इस दौरान गरबा, भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन और रासलीला ने महोत्सव की रौनक बढ़ाई। इस आयोजन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे थे जिन्होंने दर्शन के बाद शरद पूर्णिमा महोत्सव को पन्ना की आध्यात्मिक परंपरा, प्रेम, समरसता और एकता का प्रतीक बताया।-