Sagar - दीपावली से 13 दिन पहले ही रोज 15 टन बढ़ा कचरा, गाड़ियों के तीन की जगह पांच राउंड शुरू
दीपावली पर्व को लेकर सागर शहर के घरों और दुकानों में साफ-सफाई का दौर शुरू हो गया है। इसके चलते शहर से रोज निकलने वाले कचरे में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है।
सामान्य दिनों में जहां पूरे शहर से प्रतिदिन 120 से 130 टन कचरा निकलता था, वहीं बीते दो दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 140 से 145 टन प्रतिदिन तक पहुंच गया है। अचानक बढ़े कचरे को व्यवस्थित उठाने के लिए 5 अतिरिक्त गाड़ियां लगाई गई हैं। घर-घर कचरा एकत्र करने वाली गाड़ियों के फेरे भी 3 राउंड से बढ़ाकर जरूरत के हिसाब से अलग-अलग वाडों में 4 से 5 राउंड कर दिए गए हैं। कचरा गाड़ियों के संचालन का समय भी बढ़ाया गया है। आम दिनों में सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक चलने वाली गाड़ियां अब दोपहर 3.30 बजे तक चलाई जा रही हैं। निगमायुक्त राजकुमार खत्री का कहना है कि जैसे-जैसे दीपावली पास आएगी, गाड़ियों के संचालन का समय शाम और रात तक बढ़ाया जाएगा। कचरा उठाने वाली कंपनी को निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक गाड़ी की लगातार मॉनीटरिंग भी कराई जार ही है
कचरा प्रबंधन का काम देख रही कंपनी के मैनेजर फिरोज खान ने बताया कि दीपावली का पूर्व के वर्षों का अनुभव रहा है कि कचरा 170 से 200 टन प्रतिदिन तक पहुंच जाता है। हम उसी हिसाब से अपनी तैयारी कर रहे हैं। अभी गाड़ियों का समय डेढ़ घंटे बढ़ा है। इसे और बढ़ाया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो देर शाम यहां तक कि रात तक भी गाड़ियां चलेंगी। शहर में हर घर प्रतिदिन गाड़ी पहुंचेगी। कचरे की मात्रा ज्यादा होने या गाड़ी फुल होने पर उसे खाली करने में लगने वाली देरी से ही गाड़ियां लेट पहुंचेंगी, लेकिन हर हाल में उस दिन का कचरा उसी दिन उठाया जाएगा।