सागर- राहतगढ़ में जंगल की जमीन पर बखरनी करते वन विभाग को मिला ट्रैक्टर, चालक अंधेरे में फरार
सागर जिले के राहतगढ़ में वन विभाग ने वन भूमि पर अतिक्रमण के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। गाजिखेड़ा गांव में वन विभाग की जमीन पर ट्रैक्टर से बखरनी किए जाने की सूचना मिली, जिसके बाद विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई। टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन वन विभाग ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। अब वाहन को राजसात करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है और नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
मामला शनिवार रात राहतगढ़ वन परिक्षेत्र की परासरी कला बीट का है। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गाजिखेड़ा गांव में वन भूमि पर ट्रैक्टर की मदद से बखरनी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेंज ऑफिसर धीरेंद्र पांडे ने तत्काल टीम को मौके पर रवाना किया। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां ट्रैक्टर से जमीन की बखरनी की जा रही थी। टीम को आता देखकर चालक ने भागने की कोशिश की और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि, वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके से नीले रंग का स्वराज 735 ट्रैक्टर मय पंजे के जब्त कर लिया।
वन विभाग ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही जब्त ट्रैक्टर को राजसात करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। विभाग अब ट्रैक्टर के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक और कथित आरोपी की पहचान करने में जुटा है। वन भूमि पर अवैध कब्जे और जमीन के उपयोग को लेकर वन विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभाग की टीम ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर नियमों के विरुद्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ट्रैक्टर वन विभाग के कब्जे में है, जबकि चालक की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि जांच में ट्रैक्टर के मालिक और बखरनी कराने वाले व्यक्ति की पहचान कब होती है और राजसात की प्रस्तावित कार्रवाई पर आगे क्या निर्णय लिया जाता है।