सागर- तलवार से हम ले का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर SP कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार | SAGAR TV NEWS
सागर में मारपीट और तलवार से हमले के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। परिवार का दावा है कि काली विसर्जन के दौरान हुए विवाद में उनके बेटे के सिर पर तलवार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद घर और दुकान में घुसकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने कैंट थाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एसपी कार्यालय में आवेदन सौंपा और सभी कथित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामला सागर के सदर क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता महेश राठौर निवासी सदर ने आवेदन में बताया कि 21 अक्टूबर को काली विसर्जन के दौरान रात करीब दो बजे तीनबत्ती तिराहे के पास उनके बेटे अजय राठौर, विजय राठौर और दीपक राठौर के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि इस दौरान अजय राठौर के सिर पर तलवार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शासकीय तिली अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दीपक राठौर के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का आरोप है।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद उसी रात करीब तीन बजे शाहिल सोनी और कुछ अन्य युवक उनके घर पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने गाली-गलौज करते हुए घर और दुकान में घुसकर मारपीट की। इसके बाद पीड़ित पक्ष कैंट थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता महेश राठौर का कहना है कि पुलिस ने मामले में शाहिल सोनी को आरोपी बनाया है,
लेकिन शिकायत में अन्य युवकों के नाम बताए जाने के बावजूद उन्हें एफआईआर में शामिल नहीं किया गया। इसी को लेकर परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और अन्य कथित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर आगे क्या कार्रवाई करती है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना भी बाकी है।