Sagar- 30 घंटे बाद वापिस लौटे पंचायत सचिव ने परिवार को क्या बताया, पुलिस कर रही थी तलाश
सागर जिले के बंडा विकासखंड की ग्राम पंचायत बिलौआ में पदस्थ पंचायत सचिव रामेंद्र सिंह लोधी करीब 30 घंटे बाद सकुशल अपने घर लौट आए हैं। उनके अचानक लापता होने से परिजन परेशान थे। पत्नी ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी और पति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बंधक बनाए जाने का संदेह व्यक्त किया था। हालांकि, घर लौटने के बाद सचिव ने बताया कि वह घूमने चले गए थे।
जानकारी के अनुसार, घोघरा निवासी रामेंद्र सिंह लोधी बंडा के वार्ड क्रमांक-6 में रहते हैं और ग्राम पंचायत बिलौआ में पंचायत सचिव के पद पर पदस्थ हैं। रविवार दोपहर करीब 3 बजे वह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले सोचा कि वह किसी काम से बाहर गए होंगे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर उनकी पत्नी प्रियंका लोधी ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पति के लापता होने पर चिंता जताते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बंधक बनाए जाने की आशंका व्यक्त की थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। इस बीच करीब 30 घंटे बाद रामेंद्र सिंह लोधी स्वयं घर लौट आए। उनके वापस आने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
घर लौटने के बाद पंचायत सचिव रामेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि वह घूमने चले गए थे। उनके अचानक घर से चले जाने और करीब 30 घंटे तक वापस नहीं लौटने की वजह से परिवार में चिंता बढ़ गई थी। फिलहाल उनके घर से चले जाने की परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।