सागर में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव की धूम ! भव्य वाहन रैली में उमड़ा वाल्मीकि समाज, विधायक ने किया स्वागत
सागर में महर्षि वाल्मीकि भगवान के प्रकटोत्सव पर आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। वाल्मीकि समाज के युवाओं ने शहर में भव्य वाहन रैली निकालकर भगवान वाल्मीकि के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। चकराघाट कॉरिडोर से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मोतीनगर थाना चौराहे स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर पहुंची। जगह-जगह स्वागत और पुष्प वर्षा के बीच युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
भगवान महर्षि वाल्मीकि के पावन प्रकट दिवस के अवसर पर आयोजित वाहन रैली का शुभारंभ चकराघाट कॉरिडोर से किया गया। पार्षद एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेश केशरवानी, राहुल चौबे, धर्मेंद्र चौधरी और चंद्रशेखर गुहेटा ने भगवा ध्वज दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान आयोजकों ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मान किया।
वाहन रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई बड़ा बाजार पहुंची और फिर मोतीनगर थाना चौराहे स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में इसका समापन हुआ। रैली के समापन पर सागर विधायक शैलेंद्र जैन और समाज के वरिष्ठजनों ने पुष्प वर्षा कर युवाओं का स्वागत किया। विधायक और समाज के युवाओं ने मिलकर मंदिर में भगवा ध्वज भी चढ़ाया। इसके बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन ने आयोजन की सराहना करते हुए वाल्मीकि समाज के लोगों को प्रकटोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन में शामिल युवाओं और अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकजुटता का माहौल दिखाई दिया। महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर निकली इस भव्य वाहन रैली ने सागर में उत्सव का माहौल बना दिया। चकराघाट से मोतीनगर तक निकली रैली के जरिए समाज के युवाओं ने अपनी आस्था और एकजुटता का संदेश दिया। भगवान वाल्मीकि मंदिर में ध्वज चढ़ाने और पूजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।