ट्रेनों के AC कोच में नज़र हटते ही पार कर देता था सामान, 35 सूटकेस समेत 8 लाख का माल बरामद !
ट्रेनों के AC कोच में यात्रियों के सामानों पर हाथ साफ़ करने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसके पास से 8 लाख रूपये कीमत का माल बरामद किया गया है। यात्रियों की नज़रों से बचते हुए चोर मौक़ा पाते ही सूटकेस और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेता था। कार्यवाई ग्वालियर जिले में जीआरपी पुलिस ने की है। चोर के पास से नगदी, लैपटॉप, और मोबाइल फोन भी बरामद किये गए हैं।
ग्वालियर जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 सूटकेस बरामद किए। सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गयी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी की अन्य वारदातों और बरामद सामान के वास्तविक मालिकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।
ग्वालियर जीआरपी पुलिस की माने तो आरोपी ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था। वह मौका मिलते ही सूटकेस और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ़ कर देता था। उसके पास से करीब 35 सूटकेस बरामद किए हैं। साथ ही नकदी, लैपटॉप और मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं। सूटकेसों की संख्या काफी ज्यादा है जिस वजह से पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है की आरोपी ने किन-किन ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। साथ ही ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है की बरामद सामान किन यात्रियों का है।
हालांकि पुलिस की शुरूआती जांच में आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। उसके आपराधिक नेटवर्क चोरी की वारदातों और अन्य संभावित मामलों को लेकर बारीकी से पूछताछ कर रही है। अन्य खुलासे की उम्मीद भी जताई जा रही है। आगे की कार्यवाई जारी है।--