भैंस व्यापारियों से हुई बर्बरता, रस्सी बांधकर घसीटते हुए की पिटाई, मामले के वीडियो हुए वायरल !
पिकअप वाहन से भैंस लेकर जा रहे व्यापारियों के साथ बर्बरता किये जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है की उन्हें रस्सी से बांधकर पीटा और घसीटा गया। दोनों को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। कानून व्यवस्था और इंसानियत को शर्मसार करने वाला ये मामला दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव से सामने आया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर मारपीट के आरोप लगे हैं। घटना के कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। बताया जा रहा है की दो व्यापारियों को भैंस चोर बताकर लाठी-डंडों से पिटाई की गई। साथ ही रस्सी से बांधकर घसीटा भी गया।
पीड़ित भैंस व्यापारियों से मिली जानकारी के मुताबिक वह भैंस लेकर सागर मंडी जा रहे थे। तभी कुछ लोगों ने कथित तौर पर ईंट मारकर उन्हें रोकने की कोशिश की। डर की वजह से दोनों व्यापारी किसी तरह वहां से भागे। आरोप है की कई किलोमीटर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़कर रस्सी से बांधकर लाठी- डंडों से पीटा गया। साथ ही जबरन वीडियो बनाकर उनके बयान रिकॉर्ड किए गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उनकी जान बची।
पीड़ितों ने दीपक नेमा, छुटका, निखिल चौरसिया समेत अन्य लोगों पर मारपीट के आरोप लगाए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकि है। घायल व्यापारियों को पहले हिंडोरिया अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती करने के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया।
पीड़ितों का आरोप है की शिकायत बाद देर रात तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। ऐसी जानकारी है की पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।