देह व्यापार की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी पुलिस, मिली कथित जह रीली शराब,महिला समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस की टीम देह व्यापार के ठिकाने पर दबिश देने पहुंची थी। जहां कथित जहरीली शराब का खुलासा हुआ। मामले में महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने मौके से 10 लीटर कच्ची शराब को जब्त किया है। दिलचस्प बात ये है की पुलिस ने दो महीने पहले भी महिला और उसके साथी को अनैतिक गतिविधियों के चलते पकड़ा था। कार्यवाई खंडवा जिले के चीराखदान स्थित मल्टी क्षेत्र में की गई है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को देह व्यापार की सूचना मिली थी। जिसके बाद टीम दबिश देने मौके पर पहुंची तो कच्ची शराब मिली। पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब जब्त की। इस शराब के जहरीली होने की आशंका जताई जा रही है। जिसका सेवन करने वालों की जान को खतरा हो सकता था। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रामनगर चौकी प्रभारी के साथ पुलिस टीम ने चीराखदान स्थित मल्टी में दबिश दी। जहां एक महिला के अलावा अर्जुन और मदनी निवासी राजकुमार को पकड़ा गया। तलाशी में तीनों के कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब मिली। पुलिस की माने तो राजकुमार शराब लेकर सोनिया और अर्जुन के घर पहुंचा था।
पुलिस को आशंका है कि शराब आगे सप्लाई की जानी थी। लेकिन इससे पहले ही आरोपी पकड़े गए। बताया गया की सोनिया और अर्जुन मल्टी क्षेत्र में साथ रहते हैं। दोनों करीब दो महीने पहले भी अनैतिक गतिविधियों के मामले में पकड़े गए थे। तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पास ही संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो अन्य लोगों को भी पकड़ा। जिनके खिलाफ शांति भंग करने की आशंका के चलते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है।