Sagar- डीएपी खाद की किल्लत से किसान परेशान, बिजली-पानी की मांग, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन !
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में किसान डीएपी खाद की किल्लत का सामना कर रहे हैं। खाद उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र में नकली खाद बेचने वाले गिरोह भी सक्रीय हैं। जिन पर न शासन का नियंत्रण है न ही प्रशसन का, किसानों को अन्य कई तरह की परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस तरह के आरोप कांग्रेस ने लगाए हैं। देवरी में खाद की किल्लत, बिजली-पानी की मांग और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रदर्शन किया। साथ ही राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कचहरी के पास दुर्गा माता मंदिर परिसर में धरना दिया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के किसान डीएपी खाद की भारी किल्लत का सामना कर रहे है। क्षेत्र में नकली खाद बेचने वाले गिरोह सक्रिय हैं। जिन पर शासन-प्रशासन का कोई नियंत्रण नही है।
साथ ही आरोप लगाया की सरकारी खाद वितरण व्यवस्था दोषपूर्ण होने के कारण दूर गांवों से आने वाले किसानों को ऑनलाइन टोकन बुकिंग व्यवस्था में सर्वर की खराबी और लंबी-लंबी लाइनों में खाद के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती और विद्युत ट्रांसफार्मरों की खराबी को लेकर किसान परेशान है। क्षेत्र में सिंचाई साधनों का प्रमुख स्त्रोत जलाशयों की क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत और साफ-सफाई न होने के कारण जल अपव्यय के कारण किसानों का सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा की किसान काफी परेशान है जो दर-दर भटकने को मजबूर है। खाद न मिलने से किसानों की बोवनी तक नहीं हो पा रही। बिजली के लिए भी परेशानियां हैं।
इस दौरान डीएसपी खाद, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, पर्याप्त बिजली समेत जलाशयों की मरम्मत की मांग प्रमुख रूप से की गयी।