गल्ला व्यापारी की दुकान से साढ़े तीन लाख रूपये से भरा बैग चोरी, नज़र हटते ही वारदात, CCTV में कैद हुई तस्वीरें
गल्ला व्यापारी की दुकान से साढ़े तीन लाख रूपये से भरा बैग चोरी हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जब व्यापारी दुकान के बाहर बाजरा छान रहा था तभी वारदात को अंजाम दिया गया। मौका पाते ही नकाबपोश बदमाश बैग लेकर भाग निकला। सीसीटीवी में कैद हुई ये घटना मुरैना जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रामनगर तिराहा से सामने आई है। इस मामले की तस्वीरें सामने आई हैं। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है की संतोष बंसल की रामनगर तिराहा पर गल्ले की बड़ी दुकान है। यहां अनाज की खरीद-बिक्री का कारोबार होता है। व्यापार के सिलसिले में दुकान पर नकदी रखी हुई थी। सुबह करीब साढ़े नौ बजे संतोष बंसल दुकान खोलने के बाद बाहर बैठकर बाजरा छान रहे थे। तभी वहां एक स्कूल बस आकर रुकी।
बस के पास सफेद कपड़े पहने और चेहरे पर साफी बांधे एक बदमाश पहुंचा। वह धीरे-धीरे दुकान के काउंटर के नजदीक आया। व्यापारी का ध्यान दूसरी तरफ देखकर उसने काउंटर में हाथ डाला और साढ़े तीन लाख रुपये से भरा बैग उठाकर मौके से फरार हो गया। जब कुछ देर के बाद संतोष बंसल दुकान के अंदर पहुंचे तो उन्हें काउंटर में बैग नहीं मिला। फुटेज देखने पर इस बात का पता चला।
इसके बाद उन्होंने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। जिसमें संदिग्ध बदमाश बैग ले जाता हुआ दिखाई दिया।
फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है।