दीपावली से पहले बड़ी छापामार कार्यवाई, प्रतिबंध के बावजूद 600 किलो विस्फोटक सामग्री पकड़ी,मामला दर्ज !
कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी बीच दीपावली से पहले पुलिस और प्रशासन की टीम ने एक बड़ी कार्यवाई को अंजाम दिया। इस दौरान खुद अधिकारी भी दंग रह गए। टीम ने कैल्शियम कार्बाइड का बड़ा स्टॉक पकड़ा। हार्डवेयर दुकान पर ड्रमों में 600 किलो कैल्शियम कार्बाइड रखा हुआ मिला। पूछताछ में कैल्शियम कार्बाइड बेचने और स्टॉक रखने का कोई लाइसेंस नहीं मिला। कार्यवाई ग्वालियर जिले के बहोड़ापुर थाना पुलिस ने की है। ट्रांसपोर्ट नगर में राजा स्टील नाम की हार्डवेयर दुकान पर छापा मारा गया। इस दौरान SDM प्रदीप शर्मा, CSP कृष्णपाल सिंह और थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने निरीक्षण कर तलाशी ली। पूरे स्टॉक को जब्त किया गया। साथ ही संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गयी।
बताया गया की जिले में दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान कार्बाइड गन, पोटाश गन, बोटल फ्लैशर लैंप समेत अन्य खतरनाक उपकरणों और विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय के अलावा उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जायेगी।
जिस राजा स्टील प्रतिष्ठान पर छापामार कार्यवाई की गयी। उसके संचालक रिंकेश पथरेजा हैं।
बता दें की कैल्शियम कार्बाइड काफी खतरनाक माना जाता है पिछले साल कार्बाइड गन में इसके इस्तेमाल से मानव शरीर को नुकसान पहुंचने के कई मामले सामने आए थे। इससे लोगों की आंखों को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचता है।
जानकारी के मुताबिक रिंकेश पथरेजा के पास फिलहाल कोई लाइसेंस नहीं मिला है। जिला प्रशासन के प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत जब्ती और मामला दर्ज की कार्रवाई की गई। पुलिस आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है।--