9 महीने लिव-इन में रहने के बाद मंदिर में शादी, विवाद के बीच संजीव ने पति तेजपाल के साथ रहने का लिया फैसला
मध्यप्रदेश के खंडवा में संजीव मंसूरी उर्फ तेजस्विनी और तेजपाल राजपूत के विवाह को लेकर शुरू हुआ विवाद अब समाप्त होता दिखाई दे रहा है। करीब नौ महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने मंदिर में शादी की थी। लेकिन शादी से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने के दौरान विवाद हो गया। संजीव के परिजनों पर उसे जबरन ले जाने और तेजपाल के साथ मारपीट करने के आरोप लगे। मामला सुर्खियों में आने के बाद मंगलवार को संजीव छैगांव माखन थाने पहुंचीं और पुलिस के सामने पति के साथ रहने की इच्छा जताई।
जानकारी के मुताबिक, संजीव और तेजपाल ने सोमवार को महादेवगढ़ स्थित मंदिर में विधि-विधान से विवाह किया था। इसके बाद दोनों शादी से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने के लिए मूंदी क्षेत्र में नोटरी कराने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान संजीव के परिजन वहां पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। तेजपाल ने इस दौरान मारपीट किए जाने की शिकायत भी की। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
विवाद के बाद तेजपाल की शिकायत पर कोतवाली थाने में मारपीट के आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को समस्त हिंदू समाज के बैनर तले लोग एकत्र हुए और तेजपाल के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संजीव को वापस लाने, मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई करने और मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग करते हुए डीएसपी दुर्गेश आर्मे को ज्ञापन सौंपा।
इसके बाद छैगांव माखन पुलिस ने संजीव और उनके परिजनों से संपर्क किया। संजीव थाने पहुंचीं, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। थाना प्रभारी एसएन पांडे के मुताबिक, संजीव ने स्पष्ट किया कि उन्होंने तेजपाल से विवाह किया है और वह अपने पति के साथ रहना चाहती हैं। बयान दर्ज होने के बाद वह पुलिस की मौजूदगी में तेजपाल के साथ घर लौट गईं।
फिलहाल संजीव के बयान के बाद दोनों के साथ रहने को लेकर बना विवाद शांत होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, मारपीट के आरोपों और दर्ज प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस की जांच पर निर्भर करेगी।