सागर मार्ग पर यात्रियों से भरी बस पल टी, 8 घायल; हा दसे के बाद चालक-कंडक्टर फरार
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के दमोह में मंगलवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। दमोह-सागर मार्ग पर देहात थाना क्षेत्र के सिहोरा गांव के पास कटनी से इंदौर जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना में आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, ओम साईंराम कंपनी की बस क्रमांक MP 15 PA 5577 मंगलवार रात करीब 10 बजे दमोह बस स्टैंड से सागर की ओर निकली थी। बस कटनी से इंदौर जा रही थी। इसी दौरान सिहोरा गांव के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से आठ घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चार वर्षीय बच्ची भी शामिल है। ड्यूटी डॉक्टर मनीष संगतानी के मुताबिक, चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक बताई गई है। एसडीएम संजय दुबे सहित अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि वे मजदूरी के लिए इंदौर जा रहे थे। हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें भी नहीं है। सीएसपी एचआर पांडे के अनुसार, बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं, अन्य यात्रियों को दूसरी बस से इंदौर रवाना किया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर चलती बस अचानक अनियंत्रित होकर कैसे पलटी। जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।